चंडीगढ़ , सितंबर 12 -- राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यक्तियों और संगठनों के अमूल्य योगदान तथा निस्वार्थ सेवा को पहचानने और सम्मानित करने के लिए यह वार्षिक पुरस्कार प्रदान किया जाता है। पुरस्कार की घोषणा हर साल 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर की जाती है। इच्छुक व्यक्ति और संस्थान 30 सितंबर तक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि केवल भारतीय नागरिक और भारतीय संस्थान ही इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। संस्थान के तौर पर स्वैच्छिक संगठन, कॉरपोरेट संस्थाएं, शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान, प्रतिक्रिया बल, वर्दीधारी बल और अन्य संस्थान आवेदन कर सकते हैं।
पुरस्कार के लिए ऐसे व्यक्ति या संस्था आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने देश में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान या नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो।
प्रवक्ता ने बताया कि आवेदन के साथ आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों और योगदान का विस्तृत विवरण देना आवश्यक है। पुरस्कार से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के पोर्टल पर उपलब्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित