सिरसा , सितंबर 09 -- हरियाणा में सिरसा नाथूसरी चौपटा खंड के गांव माखोसरानी निवासी सुभाष पुत्र उदमी राम कासनियां की मुर्राह नस्ल की भैंस ने एक दिन में 19.367 किलोग्राम दूध देकर 20 हजार रुपये का ईनाम जीता।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सिरसा के उपनिदेशक डॉ. राजकुमार बैनीवाल व उपमंडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशानुसार नाथूसरी कलां के पशु चिकित्सक डॉ. रोहित जांगड़ा, दड़बा के पशु चिकित्सक डॉ. रविंद्र तनेजा, वीसीडीए माखोसरानी सुनील कुमार तथा वीएलडीए नाथूसरी विनोद कुमार सोनी ने लगातार तीन दिनों में चार समय दूध की क्षमता का मापन किया।
डॉ. रोहित जांगड़ा ने बताया कि हरियाणा सरकार प्रदेश में दूध देने वाले पशुओं में नस्ल सुधार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। इस योजना के तहत भैंसों में मुर्राह नस्ल तथा गायों में हरियाणा, बेलाही और साहीवाल नस्ल को बढ़ावा देने के लिए दूध उत्पादन का मापन किया जाता है। निर्धारित मात्रा में दूध देने वाले पशुपालकों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित