भुवनेश्वर , सितंबर 16 -- ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार की सुभद्रा योजना ने 26 प्रतिशत से अधिक महिला लाभार्थियों को उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने में मदद की है।
महिला एवं बाल विकास विभाग का जिम्मा संभाल रहीं श्रीमती परिदा ने कहा कि यह आकलन आईआईएम संबलपुर, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और नीति आयोग द्वारा किए गए अध्ययनों पर आधारित है। योजना के पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पांच किस्तों में 1.03 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 25,800 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता सीधे भेजी गयी है।
उन्होंने कहा कि सुभद्रा योजना के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर को महिलाओं के सशक्तीकरण, सम्मान और स्वाभिमान को समर्पित दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने ओडिशा के लोगों से अपील की कि वे 17 सितंबर को शाम छह बजे से सात बजे के बीच अपने घरों, मंदिरों या अन्य प्रमुख स्थानों पर दीप जलाकर इस अवसर को मनाएं।
उन्होंने कहा कि दीप जलाने की पहल का उद्देश्य सुभद्रा योजना से जुड़े महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और सम्मान की भावना का उत्सव मनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित