सक्ती , जून 18 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में गुरुवार को सुबह की सैर पर निकले एक युवक करे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम किया तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

पुलिस के अनुसार डभरा निवासी देव चन्द्रा (पिता रामगोपाल चन्द्रा) आज सुबह अपने पिता के साथ टहलने निकले थे। सुबह करीब पांच बजे दोनों चुराघाठा के पास पहुंचे। इस दौरान पिता आगे निकल गए, जबकि देव चन्द्रा कुछ दूरी पर पीछे चल रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने डभरा-चंदपुर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।

सूचना पर डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित