नागपुर , सितंबर 06 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की वरिष्ठ सांसद सुप्रिया सुले ने मराठा आरक्षण विवाद से सही ढंग से नहीं निपटने और संवदेनहीनता दिखाने के लिए महाराष्ट्र सरकार की तीखी आलोचना की है।
सुश्री सुले ने श्री गुलाबराव पाटिल के बयान के मद्देनजर श्री फडणवीस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उनसे 'अपने मंत्रियों को नियंत्रित करने' का आग्रह किया। उन्होंने सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए। रविवार को एक कार्यक्रम के लिए नागपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर सरकार के रवैये की आलोचना की। उन्होंने मराठा कार्यकर्ता मनोज जारांगे पाटिल के चल रहे आंदोलन पर चिंता व्यक्त की और सरकार से इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान देने का आग्रह किया।
उन्होंने श्री गुलाबराव पाटिल की हाल की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपने मंत्रियों को संयम बरतने के लिए कहना चाहिए और संवेदनशील मामलों पर जिम्मेदार बयान सुनिश्चित करने चाहिए। सुश्री सुले ने पुणे में डीजे विवाद को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मंत्रियों के विरोधाभासी बयानों से भ्रम और सामाजिक तनाव पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर स्पष्ट और सुसंगत रुख अपनाना चाहिए।
बारामती की सांसद ने परीक्षा के पेपर लीक होने, प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को होने वाली कठिनाइयों और शिक्षा की बढ़ती लागत पर भी चिंता जताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित