सुपौल , अक्टूबर 13 -- बिहार के सुपौल जिले में दूरसंचार टावर से करीब 5.88 करोड़ रुपये मूल्य के फाइबर कार्ड की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के भगदेवा गांव निवासी ध्रुव द्विवेदी, पिता त्रिभुवन प्रह्लाद, के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य मामलों से संबंधित कुल 13 कांडों का आपराधिक इतिहास दर्ज है। इनमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक(एसपी) शरथ आर एस के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार, एक अक्टूबर 2026 को पेरेग्रीन गार्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक ने पिपरा स्थित इंडस टावर के दूरसंचार टावर से दूरसंचार उपकरणों की चोरी के संबंध में पिपरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, चोरी गये फाइबर कार्ड की अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ 88 लाख रुपये थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित