सुपौल , सितंबर 30 -- बिहार में सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने 228 लीटर प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर चिकनी गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक वाहन की तलाशी में 19 कार्टून से 2280 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को दूसरे वाहन से एस्कॉर्ट किया जा रहा था। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। बरामद खेप पटना से सुपौल जिले के सिमराही ले जाई जा रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित