सुपौल , अक्टूबर 10 -- बिहार के सुपौल जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला शिक्षिका समेत दो लोगों की मौत हो गई, तथा एक युवक घायल हो गया।पुलिस ने शनिवार को बताया कि लौकहा थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित बस ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार 40 वर्षीय शोभा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 18 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। शोभा देवी मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित एक मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।

दूसरी घटना भपटियाही थाना क्षेत्र में चांदपीपर गांव के समीप रेल ओवरब्रिज पर हुई, जहां एक चारपहिया वाहन और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक संतोष यादव (21) की मौत हो गई। वह किशनपुर थाना क्षेत्र के तुल्लापट्टी गांव का निवासी था। पुलिस ने चारपहिया वाहन को जब्त कर लिया है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित