सुपौल , अक्टूबर 13 -- बिहार के सुपौल में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाकर 385 चालान जारी किए और 3.35 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया।

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा यह विशेष अभियान 20 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

परिवहन विभाग, बिहार मुख्यालय के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में आज लोहिया चौक से सुपौल सदर थाना तक अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने तथा यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर सघन जांच की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों और वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट का उपयोग सुनिश्चित करने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित