सुपौल , अक्टूबर 31 -- बिहार में सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने समादेष्टा कार्यालय, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, सुपौल में भविष्य निधि (ईपीएफ) की राशि की अवैध निकासी के मामले में कार्रवाई की गई है।इस संबंध में सेवानिवृत्त गृहरक्षक महंती यादव एवं अर्जुन यादव ने जिलाधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गृहरक्षक नवीन कुमार द्वारा उनके आधार कार्ड, पासबुक, पारिवारिक सूची आदि में फेरबदल कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए तथा फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम से उनके ईपीएफ की राशि अवैध रूप से निकाली गई। उक्त राशि को स्वयं एवं अपने सहयोगियों के माध्यम से हस्तगत कर लिया गया।

जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाँच के लिये त्रिसदस्यीय समिति का गठन किया। समिति की जाँच में गृहरक्षक नवीन कुमार दोषी पाए गए। साथ ही, इस मामले में कार्यपालक सहायक राजेश कुमार की संलिप्तता भी सामने आई।

जाँच प्रतिवेदन के आलोक में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, सुपौल द्वारा इस मामले में नगर थाना, सुपौल में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में पुलिस द्वारा अनुसंधान जारी है।

मामले की गंभीरता एवं वित्तीय अनियमितता को देखते हुए जिलाधिकारी, सुपौल के निर्देश पर प्राथमिकी अभियुक्त गृहरक्षक नवीन कुमार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं, कार्यपालक सहायक राजेश कुमार को चयनमुक्त कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित