सुपौल , अक्टूबर 24 -- सुपौल जिले में गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे एक अंतरजिला अपराधी गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच देसी कट्टा, एक पिस्तौल, 17 कारतूस, एक मोटरसाइकिल, छुरा, लोहा काटने वाला कटर समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, समय रहते की गई कार्रवाई से जिले में एक बड़ी आपराधिक घटना को टालने में सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय से शनिवार को जारी सूचना के अनुसार, जिले में सक्रिय अंतरजिला अपराधी गिरोह के कुछ सदस्यों के गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल होने और सुपौल में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाने की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार के निर्देश पर त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में त्रिवेणीगंज अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों को शामिल करते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित