सुपौल , सितंबर 02 -- िहार में सहरसा-फारबिसगंज रेलखंड पर सुपौल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बुधवार को सुपौल-पुणे एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 11401 डाउन के एस-7 कोच से एक युवक का शव बरामद किया गया है।रेल विभाग के सूत्रों ने बताया कि ट्रेन के एस-7 कोच में एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारियों ने कोच से शव को बाहर निकाला और इसकी जानकारी राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को दी।
आरपीएफ के अधिकारी मोहम्मद रज्जाउल्लाह ने बताया कि मृतक की पहचान 21 वर्षीय मोहम्मद अशरफ आलम के रूप में की गयी है। वह किशनगंज जिले के कोल्हा गांव के वार्ड संख्या सात का रहने वाला था।उन्होंने बताया कि अशरफ अपने बहनोई से मिलने गया था और वापस लौटने के दौरान सुपौल स्टेशन पर उतरकर किशनगंज जाने वाला था।
सूत्रों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित