सुपौल , अक्टूबर 27 -- बिहार के सुपौल जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने एक छात्र लॉज के कमरे में छापेमारी कर 10,540 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं।
इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, निरीक्षक मद्यनिषेध कुश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 26 अक्टूबर को अपराह्न करीब दो बजे सुपौल के वार्ड संख्या-4 में डिग्री कॉलेज चौक से लगभग 200 मीटर दक्षिण मुख्य सड़क के पश्चिम स्थित एक छात्र लॉज के कमरे में तलाशी ली। इस दौरान प्रतिबंधित श्रेणी के इंजेक्शन बरामद किए गए।
तलाशी के दौरान एनआरएक्स ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन (लीजेसिक) के दो बैच बरामद हुए। पहले बैच के 180 डिब्बों में कुल 4,500 इंजेक्शन और दूसरे बैच के 80 डिब्बों में 2,000 इंजेक्शन थे। इसके अलावा फेनिरामाइन मैलिएट (एविल) इंजेक्शन के 401 डिब्बे मिले, जिनमें कुल 4,040 इंजेक्शन थे। इस प्रकार कुल 10,540 इंजेक्शन, जिनकी कुल मात्रा 21,080 मिलीलीटर बताई गई है, जब्त किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित