सुपौल , अक्टूबर 25 -- बिहार के सुपौल जिले में रविवार को गंभीर रूप से झुलस गई एक नवविवाहिता की मौत इलाज के दौरान स्थानीय सदर अस्पताल में हो गयी।

इस मामले में महिला के पति पर कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का आरोप है और घटना के बाद उसके पति ने पुलिस के सामने आत्म समर्पण कर दिया है।

मृत महिला की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गडोल निवासी राजकुमार मंडल की 21 वर्षीय पुत्री दामिनी देवी के रूप में हुई है। महिला ने मृत्यु से पहले दिए गए बयान में अपने पति संजीव कुमार साह पर सुनसान जगह पर ले जाकर पेट्रोल छिड़कने और आग लगाने का आरोप लगाया है।

पुलिस अधीक्षक शरथ एस आर ने यूनीवार्ता से बताया कि प्रथम दृष्टया यह महिला को जला देने का मामला प्रतीत हो रहा है। इस सम्बंध में महिला ने मरने से पहले पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया है।

एसपी ने कहा कि इस घटना के बाद महिला के पति ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि चूंकि यह जांच का विषय है, इसलिए महिला के गिरफ्तार पति से हुई पूछताछ की जानकारी सार्वजनिक नही की जा सकती है।

श्री शरथ ने कहा कि पति के साथ चल रहे किसी विवाद की शिकायत महिला ने सुपौल पुलिस के समक्ष नही की थी। उन्होंने कहा कि महिला का मायका मुजफ्फरपुर है और इस सम्बंध में किसी प्रकार की शिकायत की जानकारी वहां की पुलिस से भी हासिल की जाएगी।

एसपी के अनुसार इस मामले के मुख्य आरोपी और महिला के पति संजीव कुमार साह ने साथ उसके पिता किन्नू साह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित