सुपौल , अक्टूबर 21 -- बिहार के सुपौल जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को आग लगने से करीब 50 घर जलकर राख हो गये।पुलिस सूत्रों ने बताया कि वीरपुर थाना क्षेत्र के कोचगामा गांव के वार्ड संख्या 14 में आग लगने से 13 परिवारों के 30 घर जल गये। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गयी और घरों में रखे अनाज, कपड़े, नकदी तथा अन्य कीमती सामान जलकर नष्ट हो गये।

सूत्रों ने बताया कि जदिया थाना क्षेत्र के बघैली गांव के वार्ड संख्या एक में आग लगने से छह घर जलकर राख हो गये। इस घटना में नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान के साथ दो गाय और दो बकरियों की भी जलकर मौत हो गयी।

इसी तरह, छातापुर थाना क्षेत्र की छातापुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में तीन परिवारों के चार घर आग की चपेट में आकर जल गये। वहीं, कटहरा पंचायत के वार्ड संख्या 11 में आग लगने से आठ परिवारों के 10 घर जलकर राख हो गये।

इन घटनाओं में लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने की घटनाओं में झुलसे एक महिला समेत दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित