सुपौल , अगस्त 17 -- बिहार में सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने 342 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बताया कि भीमनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कोसी पूर्वी तटबंध के रानीगंज स्पर संख्या-4 से गांजा की तस्करी की जाने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां छापेमारी की।उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान बांस, रस्सी और ट्रक के टायर से बनी नाव में रखे नौ प्लास्टिक बोरों से 342 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस की गाड़ी को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गये।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित