सुपौल, मई 31 -- बिहार के सुपौल जिले के करजाईन थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि करजाईन थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक प्रज्ञा भारती पल्लवी को शनिवार को गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास का एक आरोपी मोतीपुर गांव स्थित अपने घर में मौजूद है। सूचना के आधार पर एएसआई पल्लवी दो आरक्षियों चंदन कुमार और छेदी मिस्री के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपी विजय कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से नोकझोंक और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।भीड़ ने लाठी-डंडों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया और पथराव भी किया। इस हमले में तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए तथा पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया घायलों को इलाज के लिए राघोपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।हालांकि इस बीच गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार यादव पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित