सुपौल, जुलाई 30 -- बिहार में सुपौल जिले के निर्मली थाना निवासी एक बुजुर्ग की गुरुवार को सड़क दुघर्टना में मौत हो गई।
इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने एन एच 27 को घंटों जाम रखा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरियाही गांव के समीप 70 वर्षीय देवनारायण राऊत एन एच 27 पर साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान बांस से लदे कंटेनर ने उनको कुचल दिया,जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने निर्मली प्रखंड के रामप्रवेश कुमार यादव के नेतृत्व में मृतक की लाश को सड़क पर रखकर धरणा प्रर्दशन किया। सड़क जाम की जानकारी मिलने पर निर्मली के अनुमंडल पदाधिकारी धीरज कुमार सिन्हा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुपेश कुमार वहां पहुंचे और आक्रोशित लोगों को मनाने की कोशिश की, लेकिन लोग वहां अंडरब्रिज की मांग पर डटे रहे । प्रशासनिक अधिकारियों के बार बार समझाने पर और यह कहने पर कि उनकी मांग को जिला पदाधिकारी के माध्यम से एच एच आई को भेजा जाएगा, जाम ख़त्म किया जा सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित