सुपौल, मार्च 12 -- बिहार में सुपौल जिले के राजेश्वरी थाने के अन्तर्गत न्यू गोचर हाट स्थित प्रसिद्ध भगवती मंदिर से अज्ञात चोऱों ने लाखों के सोने चांदी की आभूषण चुरा लिए।
पुलिस सूत्रों ने आज गुरुवार को बताया कि बुधवार की रात चोर मंदिर के मुख्य और प्रवेश द्वार का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां स्थापित मां भगवती के सारे आभूषणो चोरी कर फरार हो गए ।
पुलिस ने बताया कि आज सुबह मंदिर के पुजारी रिंकू झा पूजा-अर्चना के लिए गए तो मंदिर के मुख्य और प्रवेश द्वार का ताला टूटा हुआ पाया और भगवती के प्रतिमा से सभी सोने चांदी का आभूषण गायब थे । जिसकी सूचना पुजारी ने स्थानीय लोगों सहित पुलिस को दी ।
सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और मामले की तहकीकात में जुट गई । घटना की जानकारी मिलने पर त्रिवेणीगंज के अनुमंडल आऱक्षी पदाधिकारी विभाष कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस भी वहां पहुंचे और मामले की जांच के लिए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित