मोहाली , सितंबर 07 -- टी10 क्रिकेट इंडिया फेडरेशन ने सोमवार को सुपर टी10 लीग शुरू करने की घोषणा की।
इस अवसर पर पूर्व भारतीय विकेटकीपर और बीसीसीआई चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष किरण मोरे को लीग कमिश्नर नियुक्त किया गया। आयोजकों ने लीग के लिए छह शहर आधारित फ्रेंचाइजी-मुंबई एक्सट्रीम, दिल्ली लीजेंड्स, बिहार योद्धाज, चेन्नई किंग्स, बेंगलुरु थंडर्स और यूपी चैलेंजर्स-की भी घोषणा की।
लीग का उद्देश्य उभरते और जमीनी स्तर के क्रिकेटरों को पेशेवर टी10 प्रारूप में अवसर उपलब्ध कराना तथा ट्रायल, प्रतिभा खोज और फ्रेंचाइजी स्तर के कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थित विकास मंच तैयार करना है।
किरण मोरे लीग के क्रिकेट मानकों, खिलाड़ियों के हितों और प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्थित मंच उपलब्ध कराना जरूरी है। टी10 क्रिकेट इंडिया फेडरेशन के संस्थापक सुशील शर्मा ने कहा कि लीग का उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों को स्थापित क्रिकेटरों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और पहचान बनाने के अधिक अवसर देना है।
फेडरेशन के सह-संस्थापक एवं निदेशक सुशील मलिक ने बताया कि लीग के संचालन के लिए फ्रेंचाइजी गठन, नियामकीय अनुपालन, खिलाड़ी व्यवस्था और प्रसारण से संबंधित ढांचा तैयार किया जा रहा है।
शिव-नरेश को लीग का आधिकारिक किट पार्टनर बनाया गया है। कंपनी उद्घाटन सत्र में खिलाड़ियों, टीमों और मैच अधिकारियों के लिए किट उपलब्ध कराएगी। आयोजकों के अनुसार, अन्य प्रायोजकों और फ्रेंचाइजी साझेदारों के साथ भी बातचीत चल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित