मुंबई , अप्रैल 08 -- महाराष्ट्र में बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए उपमुख्यमंत्री और राकांपा (अजीत पवार) की उम्मीदवार सुनेत्रा पवार ने बुधवार को 'वर्षा' बंगले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भेंट की। उनके साथ उनके पुत्र पार्थ पवार, राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और मंत्री हसन मुश्रिफ भी थे।
यह बैठक लगभग एक घंटे तक चली और इसे आधिकारिक तौर पर एक शिष्टाचार भेंट बताया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महायुति गठबंधन ने बारामती उपचुनाव के लिए एक विशेष रणनीति पर चर्चा की होगी। अब सबका ध्यान उन संभावित नये राजनैतिक समीकरणों पर केंद्रित है, जो भारतीय जनता पार्टी और राकांपा इस निर्वाचन क्षेत्र में जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तुत कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, श्री फडणवीस ने सुश्री पवार और श्री पार्थ पवार को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। बताया गया है कि उन्होंने कहा कि भाजपा इस उपचुनाव में 'बड़े भाई' के रूप में उनके पीछे मजबूती से खड़े रहेंगे औऱ सुश्री सुनेत्रा पवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।
बैठक के दौरान चर्चा बारामती की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर केंद्रित बतायी जा रही है। महायुति गठबंधन की शक्ति प्रदर्शित करने और समन्वित तरीके से उपचुनाव लड़ने पर बल दिया गया। इसके अतिरिक्त, राज्यके अन्य संगठनात्मक मामलों और गठबंधन के भीतर समन्वय पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित