मुंबई , अगस्त 29 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे।

हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सुनेत्रा पवार ने अमित शाह की कलाई पर राखी बांधी।

इसके बाद, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हवाई अड्डे पर ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ लगभग 10 मिनट तक निजी तौर पर बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, श्री शिंदे ने इस बैठक के दौरान राज्य के ताजा राजनीतिक घटनाक्रमों और भाषा नीति से जुड़े विवाद पर चर्चा की।

श्री शिंदे ने गृह मंत्री को अवगत कराया कि उनकी पार्टी शिवसेना के कई नेता और मंत्री मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ऑटो और टैक्सियों के हिंदी भाषी चालकों के लिए मराठी भाषा सीखने की 15 अगस्त की समय सीमा को एक साल के लिए बढ़ाए जाने के फैसले से नाराज हैं। गौरतलब है कि शिंदे गुट के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने 15 अगस्त तक मराठी न सीखने वाले ड्राइवरों के लाइसेंस रद्द करने सहित सख्त कार्रवाई का आदेश दिया था। हालांकि, मुख्यमंत्री फडणवीस के इस समय सीमा को एक साल के लिए बढ़ा दिए जाने के बाद इस कार्रवाई को रोकना पड़ा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित