मुंबई , मई 20 -- महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के कम से कम 22 विधायकों ने राकांपा संस्थापक शरद पवार से मुलाकात की है।

पार्टी सूत्रों ने बुधवार को अनौपचारिक रूप से यह जानकारी दी , हालांकि इस बैठक में क्या चर्चा हुई, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है।

यह घटनाक्रम पार्टी के वरिष्ठ नेताओं जैसे सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल द्वारा कुछ दिन पहले श्री शरद पवार से मुलाकात के बाद आया है, जिन्हें उपमुख्यमंत्री श्रीमती सुनेत्रा पवार द्वारा पार्टी के भीतर दरकिनार कर दिया गया था। इसके साथ ही यह अकटलें भी लग रही थीं कि कुछ विधायक श्रीमती सुनेत्रा पवार की पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, श्रीमती सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के कुछ विधायक इस समय अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर संशय में हैं। पार्टी के नेतृत्व के साथ-साथ स्थानीय स्तर के समीकरणों को लेकर भी असंतोष है। सूत्रों ने कहा कि जो विधायक भाजपा के साथ जाने को तैयार नहीं हैं, वे श्री शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरद पवार) में शामिल होने के उत्सुक हैं। यह पहली बार है जब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार के नेतृत्व पर संदेह जताया जा रहा है। हाल ही तक यह माना जाता था कि केवल सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल और भाजपा का समर्थन करने वाले विधायकों को ही उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व को लेकर आशंकायें थीं।

सूत्रों ने कहा कि चूंकि श्रीमती सुनेत्रा पवार और उनके बेटे श्री पार्थ पवार दोनों में उस तरह की परिपक्व राजनीतिक सूझबूझ और अनुभव की कमी है, जिसके लिए दिवंगत अजीत पवार जाने जाते थे, इसलिए विधायक उन्हें राजनीति में नौसिखिया मान रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर द्वारा स्थापित आई-पैक संस्था की सेवायें लेने का फैसला इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिये। यह संस्था 01 जून से श्रीमती सुनेत्रा अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के लिए काम करना शुरू करेगी।

समझौते के अनुसार, श्री प्रशांत किशोर, श्रीमती सुनेत्रा अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के रणनीतिकार के रूप में सक्रिय होंगे और पार्टी की छवि को मजबूत करने, सोशल मीडिया अभियानों, मतदाताओं के साथ संवाद बढ़ाने के साथ-साथ बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देंगे। इससे पहले, पार्टी की छवि प्रबंधन का काम डिजाइन बॉक्स नाम की कंपनी संभालती थी, जिसके संबंध वीएसआर एविएशन के साथ होने की बात सामने आने पर विवाद हुआ था। यह वही एविएशन कंपनी है, जिससे दिवंगत अजीत पवार द्वारा उपयोग किये गये उस दुर्भाग्यपूर्ण विमान को किराये पर लिया गया था। इस बीच, बुधवार को श्री शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरद पवार) की एक बैठक आयोजित की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित