बैतूल , सितंबर 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में करीब 40 वर्षों तक कच्चे मकान में जिंदगी गुजारने वाली जिले के भडूस गांव की सुनीता साहू के लिए पक्का मकान किसी सपने के सच होने से कम नहीं है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता मिलने के बाद उनका परिवार अब सुरक्षित और पक्के घर में रह रहा है।
सुनीता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती रही हैं। वर्षों तक कच्चे मकान में रहने के दौरान बारिश और मौसम की मार उनके परिवार के लिए परेशानी का कारण बनी रही। बरसात के दिनों में घर की हालत को लेकर चिंता बनी रहती थी। सीमित आय के कारण अपने दम पर पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था।
सुनीता ने बताया कि पक्के मकान की उम्मीद में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवेदन किया था। पात्रता के आधार पर उन्हें योजना का लाभ मिला और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि प्राप्त हुई। इसके बाद परिवार ने पक्के मकान का निर्माण कराया।
उन्होंने कहा कि वर्षों तक जिस घर का सपना देखा, वह अब सामने खड़ा है। पक्का मकान मिलने से परिवार को बारिश और मौसम की परेशानियों से राहत मिली है तथा रहने के लिए सुरक्षित छत मिली है। सुनीता के अनुसार मजदूरी से घर चलाने वाले परिवार के लिए यह सहायता बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई।
अपने सपने के पूरा होने पर सुनीता और उनका परिवार खुश है। उन्होंने गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित