सीतापुर , जून 11 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले की बिसवां पुलिस ने आभूषण दुकानों में ग्राहक बनकर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण, नगदी और घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार बरामद की है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार देर शाम बताया कि बिसवां रोडवेज बस स्टॉप के निकट पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंगरैया बाजार स्थित एक आभूषण की दुकान में चोरी करने वाले आरोपी स्विफ्ट कार से लहरपुर की ओर से बिसवां आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने लहरपुर मार्ग पर ग्राम शहरी सराय के निकट घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार में सवार आशिया (50 वर्ष), निवासी ग्राम अकचनपुर टप्पा, थाना लहरपुर तथा फरीदी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने छह जून को मंगरैया बाजार स्थित जलोटा आभूषण भंडार से सोने के जेवरात चोरी किए थे। आरोपियों ने बताया कि गिरोह की महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करती थीं और दुकानदार की नजर बचाकर आभूषण चोरी कर लेती थीं। इस दौरान फरीदी वाहन लेकर बाहर तैयार रहता था, जिससे घटना के बाद सभी लोग तुरंत फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 18 जोड़ी सोने के झुमके, 21.06 ग्राम वजन का गला हुआ ठोस सोना, पांच हजार रुपये नकद तथा चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की गई है।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी किए गए कुछ आभूषणों को गला कर ठोस सोने का टुकड़ा बना लिया गया था, जबकि कुछ जेवरात बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली गई थी। शेष आभूषणों को बेचने की नीयत से वे बिसवां आ रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि जलोटा आभूषण भंडार के स्वामी रामकुमार जलोटा ने मौके पर पहुंचकर बरामद आभूषणों की पहचान की। उन्होंने महिला आरोपी की भी शिनाख्त की है।

मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं, गिरोह की फरार महिला सदस्य रुकसाना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित