मथुरा , जनवरी 13 -- वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित सुदामा कुटी आश्रम के संस्थापक साकेत वासी संत सुदामा दास महाराज के वृंदावन आगमन के शताब्दी महोत्सव एवं जगतगुरु रामानंदाचार्य महाराज की जयंती महोत्सव कुंभ मेला क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य चतुर्थ दिवस संत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही आयुर्वेद न्यूरो थेरेपी कैंप में रीढ़ की हड्डी और जोड़ों में दर्द के मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जा रहा है।

संत संगोष्ठी में जगतगुरु बाहुबल देवाचार्य स्वामी बलदेव दास महाराज ने कहा कि संत सुदामा दास महाराज सेवा के पर्याय हैं। उन्होंने जीवन पर्यंत मानव मात्र के कल्याण की कामना की। महंत रामानंद दास ने कहा कि रामानंदीय संप्रदाय आचार्य संत सुदामा दास महाराज ने भगवत भक्ति के साथ साथ पीड़ित मानवता की सेवा की मिशाल कायम की। सेवा मंगलम संस्थान के अध्यक्ष स्वामी गोविंदानंद तीर्थ ने कहा कि संत सुदामा दास महाराज की सेवा का फल आज दिखाई दे रहा है जब उनके आगमन का शताब्दी समारोह आयोजित हो रहा है। उन्हीं के आशीर्वाद से आज सुदामा कुटी सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित