लंदन , सितम्बर 17 -- मानव सुथार ने इस सीज़न में दूसरी बार पांच विकेट लिए और वारविकशायर को रोथसे काउंटी चैंपियनशिप ख़िताब की दौड़ में सबसे आगे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी शानदार गेंदबाज़ी ने वारविकशायर के लिए दो दिन के भीतर आठ विकेट की जीत की नींव रखी।
सुथार ने तीन महीने पहले भारत के लिए डेब्यू किया था और अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ खेले गए एकमात्र टेस्ट में प्लेयर ऑफ़ द मैच रहे। इसके बाद श्रीलंका में भी दो टेस्ट मैचों में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। 24 वर्षीय सुथार ने एसेक्स की दूसरी पारी मेंं पांच विकेट लेते हुए पांच चैंपियनशिप मैचों में अपने विकेटों की संख्या 26 तक पहुंचा दी है। ऐसेक्स की टीम दूसरी पारी 189 रन पर सिमट गई और वारविकशायर को जीत के लिए 133 रन का लक्ष्य मिला।
ज़ेन मलिक ने तूफ़ानी अंदाज़ में अर्धशतक जड़ते हुए चार छक्के लगाए और जीत की बुनियाद रखी। पांचवां छक्का लगाने की कोशिश में वह डीप मिड ऑफ़ पर कैच हो गए। इसके बाद डैन मौस्ली और सैम हेन ने वारविकशायर को अतिरिक्त ओवरों में जीत दिला दी।
अब वारविकशायर को समरसेट और नॉटिंघमशायर के मैचों के नतीजों का इंतज़ार है। इसके बाद ही तय होगा कि अगले सप्ताह डिविज़न वन के अंतिम दौर की शुरुआत में अंक तालिका में शीर्ष पर कौन रहेगा। दूसरी ओर एसेक्स को पांच मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा। अब उसकी नज़र तालिका के निचले हिस्से की लड़ाई पर है। फ़िट खिलाड़ियों की कमी से जूझ रही टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी थी, लेकिन मैच के अधिकांश समय दबाव में रही।
दिन की शुरुआत में वारविकशायर ने पहली पारी में 57 रन की बढ़त बना रखी थी। इसमें सबसे बड़ा योगदान सैम हेन का रहा। 12/2 के स्कोर पर बल्लेबाज़ी के लिए आए हेन ने 57 ओवर तक क्रीज़ पर टिककर नाबाद 88 रन बनाए।
पहले दिन 19 विकेट गिरने के बावजूद मैच का रोमांच बरकरार रहा। दूसरे दिन सुबह एसेक्स को दो चोटिल खिलाड़ियों की जगह बदलाव करने पड़े। कप्तान टॉम वेस्टली उंगली की चोट के कारण बाहर हुए और उनकी जगह ल्यूक बेनकेनस्टीन टीम में आए। वहीं, शेन स्नेटर पैर की चोट के कारण नहीं खेल सके। उनकी जगह 17 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ जैक ऑल्ड को डेब्यू का मौका मिला।
ऑल्ड ने सोमवार को इंग्लैंड अंडर-19 की पाकिस्तान पर दो रन की वनडे जीत में 67 रन देकर तीन विकेट लिए थे। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की चौथी गेंद पर पहला प्रथम श्रेणी विकेट भी हासिल किया।
इससे पहले एसेक्स ने वारविकशायर की पहली पारी की बढ़त लगभग ख़त्म कर दी थी। पॉल वॉल्टर ने 42 रन की पारी में सात चौके लगाए, लेकिन सुथार की गेंद को काउ कॉर्नर की ओर खेलते हुए क्रिस वोक्स को कैच दे बैठे। डीन एल्गर भी सुथार के सामने सहज नहीं दिखे। उन्होंने 61 गेंदों पर 29 रन बनाए। पारी के दौरान एक बार उन्होंने सुथार को मिड ऑफ़ के ऊपर से चौका जड़ा, लेकिन बाद में शॉर्ट लेग पर कैच दे बैठे। पूर्व दक्षिण अफ़्रीकी कप्तान को चैम्सफोर्ड में अपने आख़िरी मैच में शानदार विदाई मिली।
चाय तक एसेक्स की बढ़त सिर्फ 110 रन की थी। इसके तुरंत बाद टीम ने छठा विकेट भी गंवा दिया। जॉर्ज बेल, सुथार को मिडविकेट की ओर खेलने के प्रयास में पगबाधा आउट हो गए। इसके बाद बेनकेनस्टीन की ऑफ स्टंप वोक्स ने उखाड़ दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित