जागरेब (क्रोएशिया) , फरवरी 05 -- भारतीय पहलवानों ने जागरेब ओपन 2026 कुश्ती टूर्नामेंट के पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया। सुजीत कल्कल ने 65 किग्रा में स्वर्ण, अमन सहरावत ने 61 किग्रा रजत और अभिमन्यु ने 70 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीते।

बुधवार को क्रोएशिया में जागरेब ओपन 2026 कुश्ती टूर्नामेंट सुजीत कल्कल ने 65 किग्रा भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान के पहलवान पेमैन अली नेमाती को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वही पेरिस 2024 के कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत ने 61 किलोग्राम कैटेगरी में रजत जीता, जबकि अभिमन्यु को 70 किलोग्राम कैटेगरी में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियन सुजीत 65 किलोग्राम कैटेगरी में शानदार रहे और बिना कोई अंक गंवाए खिताब जीता। 23 साल के भारतीय पहलवान ने फाइनल में ईरान के पेमैन अली नेमाती को 3-0 से हराकर अपनी जीत का सिलसिला खत्म किया।

उन्होंने क्वार्टर फाइनल में फ्रांस के खमजात अरसामरजोएव को टेक्निकल सुपीरियरिटी के आधार पर हराया और फिर सेमीफाइनल में अमेरिका के दो बार के पैन अमेरिकन चैंपियन जोसेफ मैककेना को 11-0 से हराया।

इस बीच, नॉर्डिक सिस्टम के जरिए अमन सहरावत ने जाग्रेब ओपन में अपने करियर का तीसरा पदक जीता।

ओलंपिक पदक जीतने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय अमन ने ईरान के रेजा हुसैन मोमेनिजोउजादेह (12-2) और जॉर्जिया के जियोर्गी गोनियाश्विली (10-0) को हराया और फिलिस्तीन के अली अबुरमैला से वॉकओवर मिला। अमेरिका के ऑस्टिन डेसैंटो से 8-0 की हार का मतलब था कि भारतीय पहलवान दूसरे स्थान पर रहा।

70 किलोग्राम भार वर्ग में, अभिमन्यु ने क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के टायलर कासक को 10-0 से हराकर शानदार शुरुआत की, लेकिन सेमीफाइनल में ईरान के सीना खलीली से 10-0 से हार गए।

उन्होंने कांस्य पदक मैच में अच्छी वापसी की और अमेरिका के इयान पार्कर को 6-3 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई।

57 किलोग्राम कैटेगरी में, अंकुश रेपचेज के जरिए कांस्य मैच तक पहुंचे, लेकिन ईरान के मिलाद वलीज़ादेह से 10-0 से हार गए। इसी कैटेगरी में आतिश तोडकर क्वालिफिकेशन राउंड में बाहर हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित