चंडीगढ़, 31अगस्त (वार्ता) शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी की हरियाणा इकाई की सात सदस्यीय कोर कमेटी का गठन कर दिया है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा मामलों के प्रभारी बलविंदर सिंह भुंदड़ ने सोमवार को यहां जारी बयान में बताया कि पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने प्रदेश अध्यक्ष हरकेश सिंह मोहरी के साथ विचार-विमर्श के बाद कोर कमेटी की घोषणा की है। इसमें बलदेव सिंह कायमपुर, रघुजीत सिंह करनाल, रविंदर सिंह राणा, सुखसागर सिंह, हरभजन सिंह मसाणा, हरपाल सिंह अहिरावां और पृथीपाल सिंह झब्बर को शामिल किया गया है।
श्री भुंदड़ ने कहा कि अगले चरण में कोर कमेटी के अन्य सदस्यों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिलकर हरियाणा में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के विभिन्न वर्गों से पार्टी को अच्छा समर्थन मिल रहा है और लोग स्वेच्छा से अकाली दल से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए अकाली दल हरियाणा के लोगों की तरक्की, खुशहाली और बेहतरी के लिए काम करेगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा इकाई की बैठक 19 सितंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित की जाएगी, जिसमें पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक रूपरेखा तय की जाएगी। इसी बैठक में 101 सदस्यीय वर्किंग कमेटी की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्किंग कमेटी के गठन के बाद जिला स्तर से लेकर सर्कल स्तर तक पार्टी संगठन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
श्री भुंदड़ ने कहा कि अकाली दल धार्मिक और जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर हर धर्म और हर वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान ने सर्व-साझेदारी और भाईचारे का संदेश दिया है तथा अकाली दल में सभी लोग समान हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह अतीत में अकाली दल हरियाणा में मजबूत संगठन के रूप में मौजूद था, उसी मजबूती को फिर से हासिल करने के लिए पार्टी नेता और कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित