चंडीगढ़ , अगस्त 13 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने गुरुवार को नांदेड़ के एक गुरुद्वारा परिसर में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की उच्च न्यायालय की निगरानी में उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि जांच में खुफिया एवं सुरक्षा संबंधी चूक के साथ-साथ हमले के पीछे की कथित साजिश को भी शामिल किया जाना चाहिए।
वरिष्ठ अकाली नेताओं बलविंदर सिंह भुंडड़, डॉ. दलजीत सिंह चीमा और अर्शदीप सिंह कलेर ने यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि जब भी अकाली दल मजबूती की ओर बढ़ता है, विरोधी ताकतें पंथ के नेतृत्व को कमजोर करने के लिए ऐसे हमले करती हैं। अकाली नेताओं ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब श्री बादल को निशाना बनाया गया है। इससे पहले श्री दरबार साहिब परिसर में भी उन पर हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि यदि उस घटना की पार्टी की मांग के अनुसार निष्पक्ष जांच कराई गई होती तो संभव है कि आज की घटना को टाला जा सकता था। उन्होंने मांग की कि नांदेड़ की घटना की जांच में अमृतसर में हुए पिछले हमले को भी शामिल किया जाए, क्योंकि उनके अनुसार दोनों घटनाओं का कथित उद्देश्य सुखबीर सिंह बादल को नुकसान पहुंचाना और अकाली दल को कमजोर करना था।
डॉ. चीमा ने आम आदमी पार्टी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर हमले को बरगाड़ी बेअदबी और बहबल कलां पुलिस गोलीकांड से जोड़कर राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप नेताओं, जिनमें विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां भी शामिल हैं, की कुछ टिप्पणियां गैर-जिम्मेदाराना हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि वे पीड़ित के बजाय हमलावर के पक्ष में खड़े हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्री बादल पर श्री दरबार साहिब में हुए पिछले हमले के समय भी आप सरकार ने इसी तरह का रवैया अपनाया था और अब दोबारा लोगों को भड़काकर पंजाब का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राजा वड़िंग पर भी आप सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए पंजाबियों से ऐसे तत्वों से सावधान रहने की अपील की। डॉ. चीमा ने कहा कि अकाली दल हमेशा शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के पक्ष में खड़ा रहा है और आगे भी इसी नीति पर कायम रहेगा।
अकाली नेताओं ने सुखबीर सिंह बादल की जान बचने के लिए वाहेगुरु का शुक्रिया अदा करते हुए इसे उनकी निस्वार्थ सेवा का फल बताया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित