चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रदर्शित करते हुए चंडीगढ़ नेवल यूनिट एनसीसी ने शुक्रवार को सुखना झील पर विशेष 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम आयोजित किया। एनसीसी कैडेटों ने झील पर तिरंगा अभियान में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
चंडीगढ़ नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर गौरव पंत के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और उससे जुड़े मूल्यों को समझने का संदेश दिया।
चंडीगढ़ नेवल यूनिट एनसीसी की ओर से एक अगस्त से 15 दिवसीय 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत यूनिट के अधीन आने वाले स्कूलों और कॉलेजों में देशभक्ति रैलियां, टॉक शो, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं, 'अगर तिरंगा बोल सकता' जैसी गतिविधियां और अशोक चक्र से जुड़े 24 दायित्वों के बारे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
कमांडर गौरव पंत ने कहा कि राष्ट्रीय अभियानों में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। एनसीसी के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 15 दिवसीय अभियान का उद्देश्य यूनिट के अधीन सभी शिक्षण संस्थानों तक 'हर घर तिरंगा' का संदेश पहुंचाना और विद्यार्थियों को तिरंगा गर्व के साथ फहराने के साथ-साथ इसके मूल्यों-कर्तव्य, अनुशासन, साहस, त्याग, एकता और जिम्मेदार नागरिकता को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित