शिमला , जून 23 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को ऑकलैंड सुरंग के पास नवनिर्मित बहुमंजिला पार्किंग सुविधा को जनता को समर्पित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 7.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना राज्य की राजधानी शिमला में यातायात जाम की समस्या को कम करने और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में काफी मददगार साबित होगा।शिमला शहर में व्यवस्थित पार्किंग की बढ़ती मांग को देखते हुए बनायी गयी इस आधुनिक बहुमंजिला इमारत में एक साथ 145 गाड़ियां खड़ी की जा सकेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से शहरों का विकास करने और जनता को आधुनिक नागरिक सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस नयी पार्किंग के शुरू होने से सड़कों के किनारे गाड़ियां खड़ी करने की मजबूरी खत्म होगी, ऑकलैंड सुरंग के आसपास की मुख्य सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही आसान हो जायेगी।

श्री सुक्खू ने कहा कि सरकार शिमला को अधिक सुगम, व्यवस्थित और यात्रियों के अनुकूल बनाने के लिए बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यातायात को संभालना और जनता के लिए जरूरी सुविधाएं तैयार करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने शहर में गाड़ियों की तेजी से बढ़ती संख्या की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वाहनों की बढ़ती तादाद ने यातायात को नियंत्रित करने और पार्किंग का इंतजाम करने में बड़ी चुनौतियां खड़ी की हैं। इस नयी पार्किंग को इन्हीं चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया गया है, जिससे शिमला के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ यहां घूमने आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी राहत और सुविधा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित