सुकमा , अक्टूबर 09 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान हुए हादसे में घायल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के चारों जवानों को बेहतर उपचार के लिए हैदराबाद रेफर किया गया है। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए घायल जवानों को हैदराबाद रेफर किए जाने की पुष्टि की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत एलाड़मड़गु कैंप के समीप विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के दौरान दुर्घटना हुई थी। हादसे में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए थे। सभी घायलों को तत्काल कोन्टा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए तेलंगाना के भद्राचलम रेफर किया गया था।
इसके बाद जवानों की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए चारों को हैदराबाद भेजने का निर्णय लिया गया।
उल्लेखनीय है कि आठ अक्टूबर को सीआरपीएफ की 50वीं वाहिनी की गोला-बारूद तकनीकी टीम जगदलपुर से कोन्टा क्षेत्र के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलाड़मड़गु कैंपों में रखे अनुपयोगी एवं शेष विस्फोटकों के निरीक्षण तथा सुरक्षित विनष्टीकरण के लिए पहुंची थी।
टीम एलाड़मड़गु कैंप से लगभग 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाले के पास विस्फोटकों को नष्ट करने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान दुर्घटनावश विस्फोटक का एक हिस्सा पास में आ गिरा और उसमें विस्फोट होने से चार जवान घायल हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित