सुकमा , अगस्त 04 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बोधराज पाड़र के जंगल क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का डंप बरामद किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा एएसपी (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में तीन अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोधराज पाड़र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था, जहां नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी।
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक नक्सली डंप बरामद किया, जिसमें .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल - 1 नग, 7.62गुणा39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62गुणा51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस तथा एक एल्यूमिनियम कंटेनर मिला।
अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई। सुकमा पुलिस ने कहा कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित