सुकमा , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने सोमवार को किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा गांव के जंगलों और पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों एवं विस्फोटक सामग्री का जखीरा बरामद किया।

संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान 13 हथियार, 46 जिंदा कारतूस, 208 गैर-विद्युत डेटोनेटर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला बल, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह किस्टाराम थाना क्षेत्र के ग्राम पालाचलमा के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के ठिकाने का पता चला।

पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों में दो .303 राइफल, एक सिंगल शॉट हथियार, चार बीजीएल लॉन्चर, तीन 12 बोर राइफल, दो भरमार बंदूक और एक देशी कट्टा शामिल हैं। इसके अतिरिक्त इंसास राइफल की तीन मैगजीन, 26 जिंदा राउंड, 12 बोर के 20 जिंदा कारतूस, एक तीर बम और दो बीजीएल सेल बरामद किए गए हैं।

सुरक्षा बलों ने मौके से 208 गैर-विद्युत डेटोनेटर, एक वायरलेस सेट, दो चार्जर और एक मैगजीन पाउच भी जब्त किया है। इसके अलावा .303 राइफल के दो, इंसास राइफल के दो, एके-47 के तीन और 12 बोर के दो खाली खोखे मिले हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल अभियान) रोहित शाह के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री नक्सलियों ने पूर्व में जंगल में छिपाकर रखी थी। सभी हथियारों और विस्फोटक सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष कुंवर ने बताया कि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर दुर्गम क्षेत्रों में छिपाए गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तलाश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नक्सलियों के पुराने ठिकानों से हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी के लिए सुरक्षा बलों का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित