सुकमा , अक्टूबर 15 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा स्थित मदर टेरेसा ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में नवरात्र के दौरान लाल वस्त्र और दीक्षा माला पहनकर पहुंची एक महिला शिक्षिका को विद्यालय में प्रवेश से रोके जाने का मामला सामने आया है। घटना से आहत शिक्षिका ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों ने विद्यालय परिसर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हिन्दू संगठन से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, मदर टेरेसा ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में पिछले 15 वर्षों से अध्यापन कार्य कर रहीं शिक्षिका लक्ष्मी प्रसना नवरात्र के अवसर पर लाल कपड़े और दीक्षा माला धारण कर बीते दिन विद्यालय पहुंची थीं। आरोप है कि धार्मिक वेशभूषा के कारण उन्हें विद्यालय में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इस व्यवहार से आहत होकर उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन के निर्णय पर आपत्ति जताते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विद्यालय में बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में धार्मिक आस्था, पहचान और परंपराओं से जुड़े प्रतीकों पर प्रतिबंध लगाना उचित नहीं है।

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी एस. के. दीप और स्थानीय थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य ने भी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने का आश्वासन दिया।

हिंदू संगठनों ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में बसंत पंचमी के अवसर पर अवकाश रखा जाता है तथा उस दिन शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन नहीं किया जाता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित