सुकमा , अक्टूबर 13 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिला कलेक्टर अमित कुमार ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक विलंब और लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, शौचालय और किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थान की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों और वन अधिकार पट्टाधारी किसानों की आवश्यक प्रविष्टियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, प्रधानमंत्री पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन, बस्तर मुन्ने और लोक सेवा केंद्रों से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों को संतोषजनक समाधान मिलना आवश्यक है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने, नवजात शिशुओं के जन्म प्रमाण पत्र जारी करने, विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में सुधार तथा छात्रवृत्ति और जाति प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने पर जोर दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अधूरे आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा करने, वीबी-जी रामजी के कार्यों में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और पोषण पुनर्वास केंद्र के शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और संबंधित तकनीकी अधिकारियों को निर्माण कार्यों का समय पर मूल्यांकन करने तथा गुणवत्ता की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और रामाराम गांव को सौर ऊर्जा युक्त ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित