सुकमा, 30 मई 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 22 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को भव्य समापन हुआ। इस दौरान 225 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने भाग लेकर विभिन्न खेल विधाओं में पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह तथा खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अमित कुमार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में कराटे, बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट, हॉकी और योग सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों के माध्यम से निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया और आवश्यक खेल सामग्री भी वितरित की गई।
खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार खिलाड़ियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण दो सत्रों में आयोजित किया गया। सुबह के सत्र में प्रतिभागियों को चना और गुड़ उपलब्ध कराया गया, जबकि शाम के अभ्यास के बाद ग्लूकोज की व्यवस्था की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित