सुकमा , अक्टूबर 10 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में दूरस्थ वनांचल के विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान और तकनीक से परिचित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से बालक आवासीय विद्यालय (पोटाकेबिन) केरलापाल के 40 छात्रों को साइंस पार्क का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों के साथ आभासी वास्तविकता तकनीक के माध्यम से विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को समझा।

जिला प्रशासन से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। साइंस पार्क में छात्रों ने ऊर्जा संरक्षण के नियम, न्यूटन के तृतीय गति नियम, लोलक, सूर्य घड़ी, प्रतिध्वनि नली, अपकेंद्री बल तथा समतल एवं गोलाकार दर्पण सहित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने पवन चक्की, विद्युत चालकता परीक्षक और न्यूटन डिस्क जैसे उपकरणों का स्वयं संचालन कर उनके कार्य करने के सिद्धांतों को समझा। प्रयोग आधारित शिक्षण गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को विज्ञान के विभिन्न नियमों की जानकारी दी गई।

भ्रमण का प्रमुख आकर्षण साइंस पार्क में स्थापित संवर्धित वास्तविकता और आभासी वास्तविकता (एआर/वीआर) प्रयोगशाला रही। यहां विद्यार्थियों ने विशेष उपकरणों की सहायता से ऊष्मा, रेशे एवं वस्त्र, पदार्थ की ठोस, द्रव और गैसीय अवस्थाओं तथा गैस और पेट्रोलियम के निर्माण से संबंधित प्रक्रियाओं का त्रिआयामी दृश्यांकन देखा। इसके अतिरिक्त छात्रों को विश्व प्रसिद्ध एफिल टॉवर सहित विभिन्न संरचनाओं की आभासी जानकारी भी दी गई।

प्रयोगशाला में आयोजित सत्रों के बाद विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संबंधित विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका छात्रों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।

शैक्षणिक भ्रमण के अगले चरण में विद्यार्थियों को तुंगल बांध ले जाया गया, जहां उन्होंने प्राकृतिक वातावरण के बीच नौकायन का आनंद लिया। इस अवसर पर बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ने के साथ उनमें वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और आत्मविश्वास विकसित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित