सुकमा , अक्टूबर 19 -- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुकमा जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए विशेष मतदाता पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत निर्वाचन अमला अंदरूनी एवं दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान कर रहा है।

जिला निर्वाचन कार्यालय के मार्गदर्शन में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर नागरिकों को मतदाता पंजीयन के प्रति जागरूक कर रहे हैं और फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीयन कराने में जुटे हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए मैदानी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। आवेदन एवं संबंधित जानकारियों को दर्ज करने के लिए बीएलओ ऐप और ईसीआईनेट जैसे डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया जा रहा है।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा सके नागरिकों के मामलों में पात्रता के आधार पर पुनः सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। वहीं, संबंधित तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मैदानी कार्यों की नियमित निगरानी करने के साथ अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।

मतदाता जागरूकता के लिए जिले में स्वीप कार्यक्रम के तहत हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में निर्वाचक साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को लोकतंत्र, मतदान के महत्व तथा मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। 17 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं को अग्रिम आवेदन की सुविधा के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे निर्धारित पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में पंजीयन की प्रक्रिया से जुड़ सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित