सीहोर , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश के सीहोर के बड़ियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में आज औद्योगिक विकास की नई शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड के पहले पावर ट्रांसफॉर्मर के रोलआउट का शुभारंभ किया। करीब 888 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह संयंत्र ऊर्जा उपकरण निर्माण के क्षेत्र में सीहोर को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और मध्यप्रदेश भी इसी गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने कहा, "सीहोर श्योर है, यहां निवेश सिक्योर है और रिटर्न भी एश्योर है।" मुख्यमंत्री ने जिले में निवेश की संभावनाओं और सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां निवेश होता है, वहां रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। नए उद्योगों से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ व्यापार, परिवहन और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। सीजी पावर की इकाई से दो हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

50 एकड़ क्षेत्र में स्थापित इस संयंत्र में 220 केवी से लेकर 1200 केवी तक की क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे। कंपनी के अनुसार संयंत्र में प्रतिमाह 35 ट्रांसफॉर्मर बनाने की क्षमता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि पूजन के महज 13 महीने के भीतर उत्पादन शुरू होना बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि अब डाई से लेकर ट्रांसफॉर्मर तक का निर्माण सीहोर में हो रहा है, जो जिले की बदलती औद्योगिक तस्वीर को दर्शाता है। उन्होंने सीहोर को भोपाल महानगरीय क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि बेहतर संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से आने वाले समय में सीहोर औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन सकता है।

मुख्यमंत्री ने संयंत्र का अवलोकन कर ट्रांसफॉर्मर निर्माण की प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक और उत्पादन क्षमता की जानकारी ली। कंपनी के चेयरमैन वेलियान सुबैया तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक अमर कौल ने भी श्री यादव को कंपनी की गतिविधियों और संयंत्र की विशेषताओं से अवगत कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित