सीहोर , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में रविवार देर रात और सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मंडी थाना क्षेत्र के जमुनिया रोड पर रविवार देर रात दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके परखच्चे उड़ गए।
हादसे में सेमदाखेड़ी निवासी इमरान (30) तथा जमुनिया टैंक निवासी रीतेश ठाकुर (20) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार एक-एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इसी बीच जिले में एक अन्य सड़क हादसे में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के समीप स्थित रेक प्वाइंट के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने नेहरू कॉलोनी निवासी विजेंद्र शर्मा (60) को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित