धार , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के मनावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बीड़पुर के पास गोपालपुर के पटेलपुरा में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्तियां जताई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 120 मीटर लंबी इस सीसी रोड का निर्माण करीब 2 लाख 70 हजार रुपये की लागत से किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई है और घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है।
ग्रामीण पवन पंवार ने बताया कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। कार्य शुरू करने से पहले न तो उचित बेस तैयार किया गया और न ही सही तरीके से लेवलिंग की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान सीमेंट ऊपर से डाला जा रहा है, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बारिश के मौसम में यह सड़क धंस सकती है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी होगी। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के कार्यों में घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले में पंचायत सचिव रतनसिंह सिसौदिया ने बताया कि यह निर्माण कार्य पांचवें वित्त आयोग योजना के तहत किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत के बाद काम में सुधार करने की बात कही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित