बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की गंज थाना पुलिस ने किराना व्यापारी से लूट के प्रयास के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की है, जबकि घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना एक जुलाई की रात करीब 10 बजे की है। दिलबहार चौक स्थित एक किराना व्यापारी दुकान बंद कर अपने पिता के साथ अलग-अलग स्कूटी से घर लौट रहा था। रामकृष्ण बगिया के पास नारंगी रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और लूट की नीयत से व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया।
व्यापारी के पिता द्वारा विरोध कर शोर मचाने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और स्कूटी में रखा बैग जांचा। बैग में नकदी नहीं मिलने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(5) के तहत मामला दर्ज कर उपनिरीक्षक उत्तम मस्तकार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नर्मदापुरम जिले के आदमगढ़ स्थित बंगाली कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय अरुण पिता भुजंग महार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया गमछा भी बरामद किया गया है। पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश के साथ दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक उत्तम मस्तकार सहित थाना गंज और साइबर टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित