डोईवाला , जुलाई 26 -- उत्तराखंड में डोईवाला थाना क्षेत्र से शनिवार को लापता हुई एक बालिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
रविवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कल माजरीग्रांट निवासी एक महिला ने लालतप्पड़ चौकी में सूचना दी कि उनकी छह वर्षीय पुत्री सुबह करीब 10 बजे घर के पास स्थित दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से मदद मांगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक डोईवाला ने तत्काल लालतप्पड़ और जौलीग्रांट चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस ने संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज में बालिका माजरीग्रांट से भानियावाला की ओर जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार ट्रैकिंग करते हुए भानियावाला स्थित पेट्रोल पंप के पास से देर रात बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बच्ची की सुरक्षित बरामदगी पर परिजनों ने दून पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित