कुशीनगर , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद ने सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि फरवरी 2026 की जारी रैंकिंग में कुशीनगर को 100 में 100 अंक प्राप्त हुए हैं। इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है। उन्होंने इसे टीमवर्क, सतत मॉनिटरिंग और बेहतर कार्यप्रणाली का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस के शत-प्रतिशत उपयोग, समयबद्ध डाटा फीडिंग, लंबित प्रविष्टियों के त्वरित निस्तारण और रिकॉर्ड के नियमित सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया गया। थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
थाना स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई और दैनिक समीक्षा की गई, जिससे अपराधियों का डिजिटल डाटाबेस मजबूत हुआ। इसके चलते जांच प्रक्रिया अधिक तेज और पारदर्शी बनी है। एसपी ने बताया कि ऑनलाइन एफआईआर, केस डायरी और अपराधियों की हिस्ट्रीशीट तक त्वरित पहुंच से पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
पुलिस तकनीकी सेवाएं मुख्यालय लखनऊ द्वारा की जाने वाली रैंकिंग में लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान मिलने पर एसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और इसे जनपद पुलिस के लिए गर्व का विषय बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित