रांची , अप्रैल 02 -- झारखंड के रांची में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में आज एडवेंचर साइक्लिस्ट, एथलीट एवं पर्वतारोही आशा मालवीय का स्वागत किया गया।

वह "नारी शक्ति-देश भक्ति" का संदेश लेकर 11 जनवरी 2026 को जयपुर से प्रारंभ हुई अपनी 7800 किलोमीटर लंबी एकल साइकिल यात्रा पर हैं, जिसका समापन अरुणाचल प्रदेश के किबिथू में प्रस्तावित है।

सीसीएल प्रबंधन की ओर से निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन ) हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सुश्री मालवीय ने वर्ष 2023 में अपने पूर्व अभियान के दौरान सीसीएल द्वारा प्रदान किए गए सहयोग, विशेषकर साइकिल उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया।

सीसीएल सदैव समाज में सकारात्मक संदेशों के प्रसार एवं युवाओं को प्रेरित करने वाली पहलों को प्रोत्साहित करता रहा है। इसी क्रम में, सुश्री मालवीय के सम्मान में जेएसएसपीएस, खेलगांव (होटवार) परिसर में एक प्रेरणात्मक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कैडेट्स तथा "सीसीएल के लाल एवं लाड़ली" के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को दृढ़ संकल्प, अनुशासन एवं फिटनेस के महत्व के बारे में बताया।

उल्लेखनीय है कि सुश्री मालवीय अब तक विभिन्न अभियानों के माध्यम से 64,000 किलोमीटर से अधिक की साइकिल यात्रा पूरी कर चुकी हैं। वह एक प्रख्यात पर्वतारोही होने के साथ-साथ 100 मीटर एवं 200 मीटर स्प्रिंट में राष्ट्रीय स्तर की एथलीट भी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी उपलब्धियां आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

सीसीएल भविष्य में भी इस प्रकार की प्रेरणादायक पहलों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित