रांची , मई 20 -- झारखंड के सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के जन आरोग्य केन्द्र, गांधीनगर रांची ने सामाजिक दायित्व एवं जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए बुधवार को शांति सदन, सिलीदीरी बस्ती, रांची में नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

यह शिविर प्रीति सिंह, अध्यक्ष, अर्पिता महिला मंडल एवं डॉ. भरत सिंह, सीएमओ इंचार्ज, गांधीनगर सीसीएल के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 165 लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में विशेष रूप से हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं हाइपरटेंशन की नि:शुल्क जांच की गई। साथ ही अन्य सामान्य एवं मौसमी बीमारियों का उपचार कर मरीजों के बीच नि:शुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया।

स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में डॉ. प्रीति तिग्गा (सीएमओ, सीएसआर इंचार्ज), डॉ. अनिता होरो, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. सत्यप्रकाश रंजन, डॉ. शिल्पी झा, डॉ. राहुल, मुन्ना कुमार सिंह, कमलेश पंडित एवं सभी पारा मेडिकल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

सीसीएल द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को स्थानीय लोगों ने अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी पहल बताया तथा संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित