सीवान , अप्रैल 26 -- बिहार में सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क दुर्घटना में झांकी पार्टी के दो सदस्यों की मौत हो गई, तथा छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूतों ने बताया कि जीओ पेट्रोल पंप के समीप ऑटो रिक्शा और और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस घटना में झांकी पार्टी के दो सदस्यों की मौत हो गई, तथा छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच निवासी आर्या कुमारी और वैद्यनाथ पुर मठिया निवासी अजय प्रसाद के पुत्र सुमित कुमार के रूप में हुई है। दोनों झांकी पार्टी के सदस्य थे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते थे।

सूत्रों ने बताया कि घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित