मुरैना , अगस्त 03 -- मध्य प्रदेश में मुरैना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे रखे सीवर लाइन के पाइप के नीचे दबने से चार वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा सोमवार सुबह सिंगल बस्ती में हुआ। अंशु वाल्मीकि (4) घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे रखा सीवर लाइन का भारी पाइप अचानक उसके ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक बच्ची के परिजनों ने घटना के लिए सीवर लाइन निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि वे कई दिनों से सड़क किनारे रखे पाइप को हटाने की मांग कर रहे थे, लेकिन ठेकेदार ने उसे सुरक्षित स्थान पर नहीं रखवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है तथा हादसे के कारणों और लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित